फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur: टिकुइया गांव के बीच खपरैल के मकान में तेंदुए के मिले तीन शावक, देखने के लिए जुटी भीड़, ग्रामीणों में दहशत

गौरा चौराहा/गैसड़ी (बलरामपुर)। भांभर रेंज के ग्राम मनकौरा-भगवानपुर के मजरा टिकुइया में रविवार को तेंदुए के तीन शावक मिले हैं। मादा तेंदुआ गांव के आसपास घूम रही है। शावकों को देखने के लिए आसपास के गांवों की भीड़ उमड़ रही है। ग्रामीणों में दहशत है। पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई है। ग्राम टिकुइया निवासी दिलीप ने बताया कि गांव में ही उनका पुराना खपरैल का मकान है। रविवार को सुबह वह अपने खपरैल के मकान पर गए थे। मकान के अंदर तेंदुए के तीन शावक आपस में खेल रहे थे। ग्रामीण सुनील पाठक, सूरज पाठक, रामगोपाल पाठक, अविनाश चौधरी, बच्चा राम चौहान, सूर्यांश पाठक, विजय यादव, नंदलाल यादव, राम प्रसाद चौधरी, गोविंद पाठक, दिनेश गुप्ता व रमेश चौधरी ने बताया कि गांव के बीचोबीच तेंदुए के तीन शावक मिलने से लोगों में दहशत है। मादा तेंदुआ गांव के पास झाड़ियों में छिपी हुई है, जो कभी भी हमला कर सकती है। झौव्वा, धोबहा, त्रिलोकपुर, हज्जीडीह, रतनपुर, बेनीनगर, चिवटिहवा, भोजपुर, नेबुलडीह, बखरकोटवा, कुड़वा, मदरहवा, जमुवरिया, जहांदारिया, मनकी, चौकिया, बाड़ी बिजूलिया व नेवरी सहित कई गांवों में पिछले तीन वर्षों से तेंदुओं का ठिकाना बना हुआ है। तेंदुआ गाय, बछड़ा, भैंस, बकरी, कुत्ता, नीलगाय व हिरण काे अपना शिकार बना रहा है। वन विभाग से कभी मुआवजा भी नहीं मिल पाता है। गांव के लोगों ने तेंदुए के शावकों का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है। इससे दूर-दराज गांवों के लोग भी शावकों को देखने के लिए आ रहे हैं। मौके पर भेजे गए वन कर्मी उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि दोपहर में ग्रामीणों ने फोन से सूचना दी है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है। टीम ने शावकों को कब्जे में ले लिया है। मादा तेंदुए की आसपास झाड़ियों में तलाश की जा रही है। तेंदुए के शावकों के साथ छेड़छाड़ न करने की सलाह दी गई है। वनकर्मियों ने शावकों को दूध पिलाया और लोगों को झाड़ियों के पास न जाने की हिदायत दी। एक माह में अब तक हुई घटनाएं - टिकुइया गांव में एक माह पूर्व एक बछिया को तेंदुआ ने मारकर घायल किया था। - चिवटिहवा गांव के पास एक सप्ताह पहले दोपहर में तेंदुए ने मंटू वर्मा पर हमला किया था। - रतनुपर गांव में एक सप्ताह पहले रात में सर्वजीत चौधरी के कुत्ते को तेंदुआ उठा ले गया था। प्रभागीय वनाधिकारी डॉ एम सेम्मारन ने बताया कि सभी शावक सुरक्षित हैं। मादा तेंदुआ उन्हें लेने जरूर आएगी। गांव में वन विभाग की चौकसी बढ़ा दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें