बलरामपुर के सोहेलवा वन्य जीव प्रभाव के बरहवा रेंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भुजेहरा के मजरे खैरहनिया में मंगलवार की रात तेंदुआ 19 दिन की बच्ची को उठा ले गया। वन विभाग की टीम मौके पर है। हरैया थाना क्षेत्र के वेलास गांव निवासी चिवंटी प्रसाद खैरहनिया गांव के पास बगीचे में तालाब के तट पर तंबू लगाकर रहता है। आसपास के गांवों में भिक्षावृत्ति करता है। चिवंटी प्रसाद ने बताया कि मंगलवार रात करीब एक बजे वह अपनी 19 दिन की नवजात बेटी काजल तथा पत्नी गीता के साथ तंबू कनात में सोया हुआ था तभी अचानक जंगली जानवर तेंदुआ 19 दिन की बच्ची काजल को उठाकर गन्ने के खेत में भाग गया। सूचना मिलते ही रेंजर राकेश पाठक, वन्यजीव रक्षक आशीष सिंह द्वारा पहुंचकर जांच की जा रही है। उप प्रभागीय वनाधिकारी एमबी सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई है अभी तक तेंदुआ का कोई पग चिह्न नहीं मिला है। घटना किस जानवर ने की है इसकी जांच की जा रही है।गांव में पिंजरा और टैपिंग कैमरे लगाए जाएंगे।