रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रोहना गांव में कुछ अराजकतत्वों द्वारा शुक्रवार की रात में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा की बांह व अंगुली तोड़ने का मामला आया है। शनिवार की सुबह क्षतिग्रस्त प्रतिमा को देख लोगों में आक्रोश फैल गया, मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर तत्काल कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह दलबल के साथ पहुंच गए और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को शांत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अश्वासन दिया। सीओ रसड़ा आलोक गुप्ता ने कहा कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है, शान्ति व्यवस्था कायम है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।