बाइक से शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे चाचा को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेवती भेजा, जहां चिकित्सकों ने श्रीकृष्ण गोड़ को मृत घोषित कर दिया। सोनू पाण्डेय की स्थिति चिंता जनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक सुंदरम शर्मा का इलाज रेवती में चल रहा था। बैरिया थाना क्षेत्र के करमानपुर गांव निवासी श्रीकृष्ण गोड़ (50) अपने भाई काशीनाथ गोड़ की पुत्री की शादी का कार्ड बांटने के लिए करमानपुर गांव निवासी सोनू पाण्डेय (20) व सुंदरम शर्मा (19) के साथ मंगलवार को बाइक से निकले थे। अभी तीनों लोग रेवती-बैरिया मार्ग पर गंगा पाण्डेय के टोला व मुनि छपरा के बीच ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की जद में आ गए। श्रीकृष्ण गोड़ सहित तीनों लोग खून से लतपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को बुलाकर तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेवती भेजा। चिकित्सकों ने श्रीकृष्ण गोड़ को मृत घोषित कर दिया। सोनू पाण्डेय की स्थिति चिंता जनक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक सुंदरम शर्मा का इलाज रेवती में चल रहा था। गौरतलब है कि 26 नवम्बर को मृतक श्रीकृष्ण गोड़ के घर उनकी भतीजी की बरात आने वाली थी। उसी के लिए कार्ड बांटने जा रहे थे कि यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।