बलिया-लखनऊ राजधानी मार्ग स्थित रेखहां गांव के समीप सोमवार सुबह 9 बजे बाइक की टक्कर से कक्षा छह के छात्र आशीष राजभर के घायल होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर स्कूल के अध्यापकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी दिनेश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह ने छात्र का इलाज कराने और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया। एक घंटा सड़क जाम रहने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। क्षेत्र के उरदैना गांव निवासी मनोज राजभर का 12 वर्षीय पुत्र आशीष राजभर कंपोजिट विद्यालय रेखहां में पढ़ने जा रहा था। स्कूल के समीप मुख्य सड़क पार कर रहा था। रसड़ा से बलिया जा रहे बाइक सवार उसे टक्कर मारते हुए भाग निकला। छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। छत्र को मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और क्षेत्रवसियों ने रेखहां कंपोजिट विद्यालय के समीप राजधानी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। छात्र के घायल होने एवं आक्रोशित ग्रामीणों का तेवर देख अध्यापक स्कूल छोड़ कर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्र के इलाज का खर्च उठाने सहित अन्य मांगों पर सार्थक कदम उठाए जाने के आश्वासन देकर ग्रामीणों का चक्का जाम समाप्त कराया। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने घटना स्थल का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि सड़क जाम करना गैर कानूनी है। कानून के दायरे में रहकर ही विरोध करना चाहिए। वहीं, बीएसए मनीष सिंह और खंड शिक्षाधिकारी पवन कुमार सिंह ने भी स्कूल पहुंच कर जांच की।