समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी के नेतृत्व में तहसील में पहुंच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रवि कुमार को दिया। उपजिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की ज्ञापन में रबी की बुवाई चरम पर होने के बाद भी तहसील अंतर्गत किसी साधन सहकारी समिति पर डीएपी नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि किसान बाजार से दो नंबर की डीएपी महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर हैं। तहसील अंतर्गत आने वाली किसी भी नहर में अब तक पानी नहीं छोड़ा गया है। इसके कारण किसान बुआई नहीं कर पा रहे हैं। रबी की बुवाई पिछड़ती जा रही है। आरोप लगाया कि सरयू नदी के किनारे बसे गांव के किसानों को कटान से काफी नुकसान हुआ है। भरपाई के लिए अब तक सर्वे नहीं कराया गया। किसानों को मुआवजा भी नहीं दिया गया। तत्काल कटान रोकने की व्यवस्था कराने व किसानों को मुआवजा देने की मांग की गई। धान क्रय केंद्रों पर धान की गुणवत्ता के नाम पर वजन में भारी कटौती करने व केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से धान खरीदारी करने का आरोप लगाया गया।