सहतवार कस्बा स्थित बड़ा पोखरा परिसर में स्व. बद्रीनाथ सिंह की 24वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदम कद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि सिकंदरपुर विधायक मो. रिजवी ने उनके आदम कद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. सिंह को सच्चा समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर समाज और लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्य किया। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए नीरज सिंह गुड्डू समाजसेवा और संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। कहा कि देश का लोकतंत्र शहीदों की कुर्बानियों से मजबूत हुआ है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण और चंद्रशेखर सिंह ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। वक्ताओं कहा कि बलिया ऋषि भृगु मुनि की तपोस्थली है और यह धरती कभी अपनी कुर्बानियों को नहीं भूल सकती। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में पुनः समाजवादी सरकार बनेगी और जिनके साथ अन्याय हुआ है, उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्रियों, विधायकों और सपा कार्यकर्ताओं ने स्व. सिंह के जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आगंतुकों के प्रति आयोजन समिति ने आभार प्रकट किया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन संजय उपाध्याय, यशपाल सिंह, दीपक सिंह, राजन कनौजिया, विजय यादव, बृजेश सिंह, जमाल अहमद, अख्तर रजा, संजय सिंह आदि रहे। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।