कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेसियों ने मनरेगा मजदूरों के मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को पत्रक सौंपा। इसके पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर से जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में जुलूस निकालकर विकास भवन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मनरेगा मजदूरों के भुगतान के समर्थन में जमकर नारेबाजी किया।इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संतोष चौबे ने कहा कि केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ मजदूर विरोधी भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में मनरेगा के तहत काम करने वाले लगभग एक करोड़ मजदूर परिवार को पिछले 75 दिनों से उनके मजदूरी का भुगतान नहीं किया है। वर्तमान समय में प्रदेश में लगभग दो हजार करोड़ रुपए का मनरेगा का भुगतान लंबित है। इसके साथ ही इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों सहित लगभग 40 हजार संविदा कर्मियों को भी पिछले आठ माह से उनका भुगतान नहीं दिया गया हैं। उन्होंने मांग किया कि गरीब जॉब कार्ड धारकों के साथ ही कर्मियों का उनके कार्य का भुगतान जल्द किया जाए। पत्रक सौंपने वालों में महाप्रसाद चौबे, बैजनाथ राम, अनिल पांडेय,वीर बहादुर सिंह,अबूल फैज, राजेश राय, अखिलेश कन्नोजिया, संग्राम तिवारी, मणिनाथ तिवारी, अरुण श्रीवास्तव, आशुतोष चौबे, मंटू गुप्ता आदि रहे। बेल्थरारोड: क्षेत्र के सीउरी प्रेमरजा ग्राम निवासी कांग्रेस नेता लालूराम मिर्धा ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा के तहत कार्य करने वाले करोड़ों परिवारों को पिछले दो माह से उनको मजदूरी का भुगतान नहीं किए जाने से उनके समक्ष आर्थिक संबल का उल्लेख किया। मिर्धा ने कहा कि इस योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों सहित संविदा कर्मियों को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। ज्ञापन में प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।