अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पंदह ब्लॉक के ग्राम पंचायत हरिपुर में गुरुवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। गांव के पंचायत भवन पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में कुल 215 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाईयां वितरित की गईं। सुबह 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चले शिविर में अधिकांश मरीज बुखार, खांसी, पेट में जलन और दर्द, जोड़ों के दर्द, चर्म रोग, एनीमिक, सांस, शुगर, पेरियोडोनटाटिस, जिन्जीवाइटिस, तंबाकू स्टेन, ब्लड प्रेशर और आंखों से संबंधित बीमारी से ग्रसित मिले।जिनकी जांचनकार दवाएं दी गईं। वहीं खेजुरी स्थित राय डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा 25 मरीजों का शुगर, हीमोग्लोबिन, टायफाईड और रक्त समूह की जांच की गई। जिससे चिकित्सकों को संबंधित मरीजों को उचित सलाह और दवाएं देने में काफी सहूलियत मिली। उक्त शिविर में 117 मरीज सामान्य बीमारियों से ग्रसित मिले। जबकि 40 उच्च या निम्न रक्तचाप वाले मरीजों को चिकित्सकीय सलाह और उपचार किया गया। वहीं आंख की विभिन्न बीमारियों से संबंधित 43 और दंत रोग से पीड़ित 15 मरीज मिले। सीएचसी खेजुरी के अधीक्षक डॉक्टर रत्नेश कुमार ने मरीजों से बदलते मौसम के अनुरूप खान पान रखने और हिट स्ट्रोक से बचने की सलाह दी। अनावश्यक धूप में बाहर न निकलने और नियमित रूप से ओआरएस का घोल लेने को कहा। वहीं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद प्रकाश ने पायरिया, कैविटी, तंबाकू स्टेन और मुख दुर्गंध से पीड़ित मरीजों और बच्चों को दवाएं उपलब्ध कराया और सुबह- शाम ब्रश करने की सलाह दी। जबकि नेत्र सहायक अरुण कुमार ने मरीजों को आवश्यक दवाईयां देते हुए जरूरी सलाह दी। इसके पूर्व प्रधान प्रतिनिधि उपेन्द्र यादव ने स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करते हुए अमर उजाला के प्रयास की सराहना की और भविष्य में और सहयोग करने का भरोसा दिया। इस मौके पर फार्मासिस्ट शशिकांत और शशिकांत पाठक, स्टॉफ नर्स सुमन वर्मा, वार्ड ब्वॉय नरेंद्र सिंह व राघवेंद्र सिंह, अनूप राय, घुरल राम, नागेंद्र यादव, अजय कुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।