मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के भरथापुर में हुए नाव हादसे के बाद रविवार को गांव का हवाई सर्वे किया और एक महीने के अंदर ग्रामीणों को सुरक्षित आबादी के स्थान पर बसाने का एलान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को 3:00 बजे मोतीपुर डाक बंगला पहुंचे यहां उन्होंने भरथापुर गांव के नाव हादसे के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि एक माह के अंदर भरथापुर गांव के सभी 118 परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके लिए 21.56 करोड़ का बजट जारी कर दिया गया है। गांव के सभी 118 परिवारों को आवास के साथ कृषि योग्य जमीन भी मुहैया कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा जंगल में बसे अन्य लोगों के भी विस्थापन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सूची बनाकर भेजें कार्यवाही कर उन्हें भी जंगल से बाहर बसाया जाएगा।