भारत-नेपाल सीमा से होने वाले व्यापार और आवागमन को लेकर नेपाल सरकार लगातार नए नियम लागू कर रही है। भारतीय पर्यटकों के लिए समय सीमा तय करने के बाद अब नेपाल ने मालवाहक ट्रकों पर भी सख्ती बढ़ा दी है। नेपाली आईसीपी के प्रबंधक तरक राज जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत से नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों को अब सीमा में प्रवेश से पहले 1500 नेपाली रुपये शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा ट्रकों को 72 घंटे यानी तीन दिन के भीतर नेपाल से वापस निकलना होगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई ट्रक निर्धारित समय सीमा से अधिक नेपाल में रुका पाया गया तो उस पर 2500 नेपाली रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। नेपाल सरकार के इस नए नियम का असर भारत-नेपाल सीमा से होने वाले व्यापार और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। सीमा क्षेत्र के व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि नए नियमों से माल ढुलाई प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, खासकर तब जब कस्टम जांच या अन्य औपचारिकताओं में देरी होती है। वहीं नेपाल प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और अनावश्यक रूप से वाहनों की आवाजाही रोकने के उद्देश्य से लागू की गई है।