फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: कार के सामने आया तेंदुए का जोड़ा, पांच मिनट तक सड़क पर करता रहा अठखेलियां

मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज में शुक्रवार को गोपिया बैराज के पास कार सवारों के सामने अचानक तेंदुए का जोड़ा आ गया। दोनों तेंदुए कुछ देर तक सड़क पर एक-दूसरे के साथ अठखेलियां करते रहे। तेंदुओं को सामने देख कार सवारों ने वाहन रोक दिया और सुरक्षित दूरी से पूरा दृश्य देखते रहे। करीब पांच मिनट बाद दोनों तेंदुए जंगल की ओर चले गए। इस दौरान राहगीरों में दहशत का माहौल बना रहा। कार सवारों ने तेंदुओं की गतिविधियों का वीडियो भी बनाया। बताया जा रहा है कि मिहींपुरवा-गोपिया बैराज मार्ग पर कदम पुलिया से करीब 200 मीटर पहले दोनों तेंदुए सड़क पर पहुंचे। कुछ देर तक वे सड़क पर ही विचरण करते रहे। इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहन रुक गए। तेंदुओं के जंगल की ओर चले जाने के बाद ही राहगीरों ने आगे का सफर शुरू किया। लगातार बढ़ रही तेंदुओं की चहलकदमी कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के आबादी से सटे इलाकों में तेंदुओं की लगातार गतिविधियां सामने आ रही हैं। गोपिया बैराज मार्ग पर तेंदुओं का जोड़ा दिखाई देने से शाम के समय इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों और किसानों में भय बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए अब जंगल से निकलकर सड़क और आबादी के आसपास दिखाई दे रहे हैं। गश्त बढ़ाने की मांग: राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और तेंदुओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मोतीपुर रेंज में वन क्षेत्राधिकारी का पद लंबे समय से रिक्त है। ऐसे में क्षेत्र में नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि शाम और रात के समय मार्ग पर वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए और लोगों को तेंदुओं से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी जाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें