बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरवा के नवीनपुरवा गांव में तेंदुआ जगतराम थारू के घर में भोर में घुस गया। तेंदुए की गुर्राहट सुन घर के दूसरे हिस्से में सो रहे परिवार के लोग शोर मचाते हुए बाहर भाग निकले इस बीच स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। तेंदुआ घर में ही छिप गया। उसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। सूचना पर पहुची निशानगाड़ा वन रेंज की टीम घर को चारों तरफ से जाल से घेर कर रेस्क्यू शुरू कर दिया है। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है गांव के लोग भारी संख्या में मौके पर जमा है वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है, ग्रामीण दहशत में है। रेंजर निशानगाड़ा सुरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के फील्ड सहायक मंसूर अली व गजमित्रों की टीम फील्ड मैनेजर जैनुल आब्दीन के नेतृत्व में मौके पर हैं। सुबह 6 बजे से रेस्क्यू चल रहा है फिलहाल घर के मुख्य द्वार पर पिंजरा लगाकर उसे जाल से घेर दिया गया है और हाका लगाकर तेंदुए को पिंजरे में कैद करने की कोशिश की जा रही है। डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि तेंदुआ शावक लग रहा है।