बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर जमोग बाजार में शुक्रवार शाम को हुए भीषण सड़क हादसे में एक नेपाली युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही दम तोड़ दिया। हादसा इंडियन बैंक के ठीक सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। नेपाल के जिला बांके के बालेगांव पिपरहवा वार्ड नंबर–8 निवासी बुद्धू (35) अपनी पत्नी सरस्वती (29) के साथ देर शाम को रामनगर गुलरिहा गांव में अपने साढ़ू के घर जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार दंपती जमोग बाजार में पहुंचे, मल्हीपुर से बाबागंज की ओर जा रही प्राइवेट बस ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर जुटी भीड़ में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कश्यप ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा पहुंचाया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अरविंद कुमार ने परीक्षण के बाद बुद्धू को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरस्वती के सिर में गंभीर चोट आने और अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने सरस्वती को भी मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि बाइक सवार युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को पकड़ लिया गया है, शव को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही।