बहराइच कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मुखिया फार्म में रविवार की शाम बाघ के हमले में एक किसान की मौत हो गई। युवक हल्दी के खेत में घास की निकाई कर रहा था, तभी जंगल से निकले बाघ ने उस पर हमला कर दिया। युवक ने बाघ से संघर्ष करने की भी कोशिश की लेकिन बाघ ने नोंच डाला। मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। घटना शाम करीब चार बजे की है। गांव निवासी संजीत कुमार (21 वर्ष) पुत्र जुसे दोपहर साढ़े तीन बजे अपने खेत में हल्दी की फसल की देखभाल के लिए गया था। ग्रामीणों के अनुसार, वह सरयू नहर पुल के पास खेत में घास निकाल रहा था, तभी अचानक जंगल से निकले बाघ ने उस पर झपट्टा मारा। कुछ देर तक संजीत ने बाघ से संघर्ष किया, लेकिन अंततः बाघ ने सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हांका लगाना शुरू किया। ग्रामीणों के शोर मचाने के बावजूद आधे घंटे बाद बाघ मौके से खिसका। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी रोते-विलखते मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष सुजौली प्रकाश चंद्र शर्मा और रेंजर सुजौली रोहित कुमार ने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक संजीत करवत लेने के लिए 13 नंबर साइफन क्षेत्र की ओर गया था, जो बाघ, हाथी और गैंडों का मुख्य प्रवास स्थल है। उसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।