बहराइच में स्वच्छ भारत मिशन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आदर्श नगर पंचायत, रूपईडीहा द्वारा एक अहम पहल की गई। नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य ने स्टेशन रोड, आजाद रोड और बजाजा मार्केट सहित बाजार क्षेत्र में दुकानदारों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखने हेतु डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। डस्टबिन वितरण कार्यक्रम में सभासद नरेंद्र मद्धेशिया, मनोज प्रजापति, ध्रुव राज वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अध्यक्ष प्रतिनिधि अश्विनी वैश्य ने भी डस्टबिन वितरण कार्य में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण संभव है। उन्होंने दुकानदारों एवं आमजन से अपील की कि कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें तथा नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थानों एवं कचरा संग्रह वाहनों में ही डालें। उन्होंने बताया कि सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने से कचरा प्रबंधन प्रणाली अधिक प्रभावी बनती है, जिससे नगर की साफ-सफाई बेहतर होती है। नगर पंचायत का लक्ष्य रूपईडीहा को एक आदर्श एवं स्वच्छ नगर के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी, व्यापारी वर्ग तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।