बहराइच के रुपईडीहा में चकिया रोड स्थित मां अष्टभुजा दुर्गा मंदिर के पुनर्निर्माण एवं स्थापना दिवस के पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 28 अप्रैल को विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन व पूजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन 29 अप्रैल को भव्य जागरण एवं भजन संध्या के साथ हुआ। रात्रि 8 बजे से शुरू हुए जागरण में भजन गायकों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। सुरेश बालेश्वर ने“जिस मुख पर श्री राम का नाम है, उस जीवन में हर पल आराम है”, जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही उन्होंने “माई हो चारणवा दे दा, हीरा रतनवा दे दा” और “जागो जागो मईया हमार ए दुर्गा भवानी” जैसे पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति दी। भजन गायक रिंकू अवस्थी ने “सच्चा है तेरा द्वारा ए महा माई” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी। भजन संध्या के दौरान गणेश जी, हनुमान जी, राम-हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं के सजीव चित्रण भी किए गए, जिसने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर ध्रुव राज वर्मा, मनोज प्रजापति, राजकुमार गुप्ता, संजय अग्रवाल, चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य, गज्जू सोनी, रामचंद्र अग्रवाल, रतन अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजक टेक चन्द्र त्रिपाठी, वेद प्रकाश त्रिपाठी एवं विद्यादेवी ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।