बहराइच के रुपईडीहा में एसएसबी ने मानव तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए एक नेपाली नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किय। टीम ने एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार करके नेपाल पुलिस के हवाले किया है। बताया गया कि 20 अप्रैल को शाम करीब 18:30 बजे नेपालगंज से रुपईडीहा की ओर आ रही 17 वर्षीय नेपाली लड़की को 22 वर्षीय युवक के साथ संदिग्ध अवस्था में रोका गया। पूछताछ में दोनों ने अपने संबंध के बारे में अलग-अलग और विरोधाभासी जानकारी दी। इससे जवानों को संदेह हुआ। इसके बाद एसएसबी और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने गहन पूछताछ करते हुए लड़की के परिजनों से संपर्क किया। जांच में लड़की के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री को दो दिन पहले एक अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। साथ मौजूद युवक को वे नहीं पहचानते हैं। इस आधार पर मामला मानव तस्करी का पाया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर नेपाल स्थित एनजीओ शांतिपूर्ण स्थापना गृह को एएचटीयू, नेपाल पुलिस व अन्य संस्थाओं की उपस्थिति में सुपुर्द कर दिया। वहीं पकड़े गए आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।