यूपी के बहराइच में शिवपुर विकास खंड के बल्दूपुरवा गांव के आसपास कई दिनों से दिख रहा तेंदुआ सोमवार को पिंजरे में कैद हो गया। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तेंदुआ बीते सप्ताह भर से लोगों पर हमला कर रहा था। तेंदुआ दिखने की सूचना पर नानपारा रेंज की टीम सघन गश्त के साथ जागरुकता अभियान चला रही थी। तेंदुए को आबादी से दूर रखने के लिए पटाखे भी छोड़े जा रहे थे। इसी दौरान 5 दिसंबर की शाम बल्दूपुरवा निवासी 10 वर्षीय अच्छेलाल पुत्र लल्लू पर तेंदुए ने हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद लोगों की मांग पर वन विभाग ने कॉम्बिंग की। तेंदुए के पैरों के निशान के आधार पर बबई नदी के पास गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया गया। उसी पिंजरे में बंधी बकरी का शिकार करने के लिए तेंदुआ रात में पिंजरे के अंदर घुसा और कैद हो गया। एहतियातन उसे रात में ही नानपारा रेंज कार्यालय ले जाया गया। सोमवार सुबह उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी नानपारा डॉ. हरीश ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें तेंदुआ के नर होने, उम्र करीब 3 से 4 वर्ष के मध्य आंकी गई। डॉक्टरों के मुताबिक तेंदुआ पूरी तरह से स्वस्थ है।