बहराइच में कतर्नियाघाट रेंज के कोर एरिया में मंगलवार सुबह एक शातिर शिकारी को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। वनक्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में वाचर संजय गौंड व वाचर रामनाथ जंगल में नियमित गस्त पर निकले थे। बिछिया आंबा मार्ग पर टीम ने घेराबंदी कर शिकारी को धर दबोचा। वन विभाग के अनुसार पकड़ा गया युवक संरक्षित वनक्षेत्र में अवैध शिकार के उद्देश्य से बंदूक लेकर घूम रहा था। उसके पास से एक बंदूक बरामद हुई है। वन्य जीव अधिनियम के तहत उसे न्यायलय में पेश किया गया। डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि पकड़े गए शिकारी की तलाश वन विभाग को काफी दिनों से थी।