बहराइच में राष्ट्रीय राजमार्ग-927 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पूर्व में चिन्हित अति दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में से केवलपुर चौराहे पर ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह, यातायात प्रभारी बहराइच विजेंद्र मिश्रा, अवर अभियंता विपुल श्रीवास्तव तथा प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा रमेश सिंह रावत द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की और भविष्य में हादसों को कम करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि एनएच-927 पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर एक ठोस रोड मैप तैयार किया जाएगा, ताकि मार्ग को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग के अवर अभियंता विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि केवलपुर चौराहे पर दुर्घटनाओं को कम करने के लिए विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही साइनेज, रंबल स्ट्रिप, येलो स्ट्रिप बार, टीबीएम सहित अन्य सुरक्षा उपायों को लागू कर दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास किया जाएगा।