बहराइच के मोतीपुर थाना के ग्राम जालिमनगर में सड़क पर सरकारी जमीन में कब्जे को लेकर ग्रामीणों द्वारा एसडीएम से शिकायत की गयी जिस पर नोटिस जारी किया गया। जिस पर कोई जवाब नहीं मिला तो मंगलवार शाम को बुलडोजर से सड़क पर रखी गुमटियों व कच्चे घरों को हटवा दिया है। तहसील मिहिपुरवा के ग्राम जालिमनगर गांव में लगने वाली बाजार के किनारे सड़क पर सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर अपनी गुमटियां रखकर कच्चे घर बना लिया था जिससे सड़क का आवागमन बाधित हो जाता था जिसकी शिकायत गांव निवासी जाफर पुत्र भागल ने उपजिलाधिकारी संजय कुमार से की थी। एसडीएम ने नोटिस जारी किया था। इसके बाद कब्जेदारो द्वारा अवैध अतिक्रमण नही हटाया गया। इस पर तहसील प्रशासन द्वारा सोमवार को बुलडोजर चला कर गुमटियों व कच्चे घरों को हटा दिया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक राम मनोरथ, हल्का लेखपाल धर्मेंद्र वर्मा समेत पुलिस की टीम मौजूद रही। इस संबंध में तहसीलदार मिहीपुरवा अम्बिका चौधरी ने बताया कि काफी समय से ग्रामीणों द्वारा शिकायत के बाद कारवाई हुई है।