बागपत में शनिवार सुबह इंडेन गैस एजेंसी समय पर नहीं खुलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल गया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के पास बागपत बाईपास मेरठ हाईवे स्थित एजेंसी पर सुबह करीब 7 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए थे। करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद एजेंसी नहीं खुली तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर हंगामा करते हुए बागपत बाईपास मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। शिक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें एक दिन पहले सुबह सात बजे एजेंसी पर आने के लिए कहा गया था, लेकिन कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। पुराना कस्बा, अग्रवाल मंडी टटीरी, बली, पाबला बेगमबाद, महनवा, चौहलदा और ब्राह्मणपुट्टी सहित आसपास के कई गांवों के लोग गैस लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे।