आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दादा-पोता हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने मंगलवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है। सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह ने बताया कि 9/10 जुलाई की रात पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर संतोष यादव निवासी ग्राम ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर पर अपने दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।