आजमगढ़ के जहानागंज थाना पुलिस पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी शोभा प्रसाद ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शोभा प्रसाद ने बताया कि बुधवार को उन्हें एक सामाजिक विवाद के मामले में जहानागंज थाने बुलाया गया था। वहां मौजूद दीवान गोविंद सिंह ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता की। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की और बेल्ट से पिटाई की। इतना हीं नहीं पुलिस ने उन्हें थाने में बंद कर दिया और उनके पास से करीब 2,022 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी छीन लिया। पीड़ित का कहना है कि किसी तरह वहां से निकलकर जिला अस्पताल में इलाज कराया। शोभा प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि उनके कुछ साथी अभी भी थाने में हैं और पुलिस द्वारा उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है। इस संबंध में सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि बाबा साहब पर अभद्र टिप्पणी का मामला था, इसकी शिकायत मिली थी। जिसमें दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाया जाने लगा। जिसे पुलिस कर्मियों द्वारा बना गया था। इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। इस घटना में विधिक कार्रवाई की जा रही है।