आजमगढ़ जिले में रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव निवासी ओमप्रकाश यादव की मिठाई की दुकान सोनवारा मोड़ पर स्थित है। रविवार की देर रात दुकान बंद करने के बाद ओमप्रकाश यादव दुकान के अंदर ही सो गए थे। रात करीब 12.30 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही ओमप्रकाश की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक दुकान में रखा कूलर, आलमारी, फ्रीजर सहित अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। इस अगलगी में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रानी की सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित दुकानदार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, मामले में अभी तहरीर नहीं पड़ी है। तहरीर मिलने पर जांच-पड़ताल की जाएगी। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।