आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम फरिहा निवासी रजिया बानो पत्नी रईस अहमद द्वारा परिवार सहित शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सामने स्थित मेहता पार्क में धरने पर बैठ गयी। रजिया बानो ने थाना निजामाबाद पर अपने पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। रजिया बानो ने कहा कि 18 दिसंबर की शाम करीब चार बजे सादे ड्रेस में छह पुलिस वाले जोर जबरदस्ती करते हुए उसके पति को उठा ले गए और थाने में ले जाकर बंद कर दिया। उसी रात करीब 11 बजे बंदूक की नोक पर शेरपुर तिराहा पर जबरदस्ती कुछ सामान उठाने को कहा और मेरे पति की जेब में पांच हजार रुपये भी डाल दिया गया और कहा कि लेकर भागो हम वीडियो बना रहे हैं। अगर भागने लगे तो गोली मार देंगे। हमारे पति ने वही कार्य किया था जो पुलिस निजामाबाद ने कहा था। पुलिस द्वारा मेरे पति को फर्जी तरीके से तीन चोरी का आरोप लगाकर 19 दिसंबर को जेल में डाल दिया गया। इस संबंध में मेरे द्वारा डीआईजी से मिलकर लिखित व मौखिक तहरीर भी दी गयी थी लेकिन अभी तक कोई न्याय नहीं मिल सका। पीड़िता ने बताया कि न्याय के लिए आज मेहता पार्क में परिवार के साथ धरने पर बैठी हूं। जिलाधिकारी से हमारी मांग है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाय।