अयोध्या में रामकोट की नित्य परिक्रमा के एक वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को हजारों रामभक्तों ने रामकोट की परिक्रमा की। ट्रस्ट के पूर्व सदस्य अनिल मिश्रा की अगुवाई में सैकड़ों संतों और श्रद्धालुओं ने राम नाम का जयघोष करते हुए परिक्रमा पूरी की। बताया गया कि 21 अगस्त 2025 से शुरू हुई नित्य रामकोट परिक्रमा लगातार एक वर्ष से प्रतिदिन प्रातःकाल साधु-संतों और रामभक्तों द्वारा की जा रही है। राम जन्मभूमि के चारों ओर स्थित मंदिरों की परिक्रमा करने की अयोध्या में प्राचीन परंपरा रही है। चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए पूर्व ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा कि रामकोट की परिक्रमा करने से प्रभु श्रीराम के साथ हनुमानगढ़ी समेत अन्य प्रमुख मंदिरों की भी परिक्रमा हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह परिक्रमा किसी आयोजन मात्र तक सीमित नहीं, बल्कि रामभक्तों की गहरी आस्था और अयोध्या की धार्मिक परंपरा से जुड़ी हुई है। परिक्रमा के दौरान संतों और श्रद्धालुओं ने राम नाम का संकीर्तन करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। एक वर्ष पूरा होने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने रामकोट परिक्रमा के प्रति बढ़ती आस्था को भी प्रदर्शित किया।