राम मंदिर के प्रवेश द्वार पर मीडिया कवरेज को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राम मंदिर के एसपी सुरक्षा बल रामाचारी दुबे ने स्पष्ट किया है कि मीडिया कर्मियों के कवरेज पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं लगाई गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार राम जन्मभूमि पथ पर बने पहले चेकिंग बिंदु तक स्वतंत्र रूप से आ-जा सकते हैं और वहीं से अपनी रिपोर्टिंग व कवरेज कर सकते हैं। बलरामाचारी दुबे ने बताया कि पहले चेकिंग प्वाइंट के आगे श्रद्धालुओं की कतार शुरू हो जाती है। सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मीडिया कर्मियों को उसी स्थान तक जाने की अनुमति दी गई है। यह व्यवस्था केवल सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर लागू है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवेश द्वार पर तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रद्धालुओं के साथ-साथ मीडिया प्रतिनिधियों के साथ भी शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करें। यदि किसी पत्रकार को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो उसका तत्काल संज्ञान लिया जाएगा।