रामनगरी अयोध्या में इन दिनों दुआओं और प्रार्थनाओं का संगम देखने को मिल रहा है। यहां मजहब की दीवारें तब ढह गईं, जब बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी और उनकी पत्नी मुन्नी बेगम ने मथुरा-वृंदावन के प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए अल्लाह से दुआ की। प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए देश विदेश में भक्त प्रार्थनाएं कर रहे हैं। इस बीच अयोध्या में इकबाल अंसारी और उनका परिवार एकता और सौहार्द की मिसाल बनकर सामने आया है। इकबाल अंसारी ने कहा कि हम संतों के बीच रहते हैं। उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ रहता है। प्रेमानंद महाराज के अस्वस्थ होने की खबर से दुख हुआ, इसलिए हमने अल्लाह से दुआ की कि वे जल्द स्वस्थ हों। अयोध्या की पवित्र धरती पर इस समय केवल एक ही आवाज गूंज रही है “प्रेमानंद महाराज जल्द स्वस्थ हों।” यह दृश्य साबित करता है कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है और अयोध्या ने इसे फिर से जीवंत कर दिखाया है।