अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे आयोजन में रोमांच और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। फाइनल मुकाबला चैलेंजर्स टीम और कबड्डी वॉरियर्स के बीच खेला गया, जिसमें चैलेंजर्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा मुकाबले में 3-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान चैलेंजर्स टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत डिफेंस और आक्रामक रेडिंग का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कोच लाल शुक्ला ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक समान मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। जिले में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन अब नियमित रूप से प्रत्येक माह अलग-अलग तहसीलों में किया जाएगा।