अयोध्या में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गेमिंग वेबसाइट के जरिये ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मवई से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 57 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं, जबकि उनके कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में 11 हजार लोगों की गेमिंग आईडी और पासवर्ड का डाटा मिला है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय की ओर से ऑपरेशन साइवज्र के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस म्यूल खातों की छानबीन करने के दौरान मामले की जानकारी मिली थी। पटरंगा क्षेत्र के बसौढ़ी निवासी अकील अहमद उर्फ उर्फी (27) और उन्नाव के नगर कोतवाली क्षेत्र के जवाहर नगर, ककरहाबाद निवासी अमन खान (22) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि अकील अपने घर से अमन के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। उनके पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक टैबलेट, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। 11 हजार से अधिक गेमिंग आईडी, पासवर्ड, निवेश और विड्रॉल का रिकॉर्ड व व्हाट्सएप चैट मिली हैं, जिनके जरिये लोगों को कॉल कर ठगी की जाती थी। गिरोह का एक अन्य सदस्य सुफियान अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।