डाभासेमर स्टेडियम के तरणताल में शुक्रवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। अयोध्या को पहली बार प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों से पहुंचे खिलाड़ी जूनियर और सब-जूनियर बालक-बालिका वर्ग की विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। स्पोर्ट्स कॉलेज और स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। खिलाड़ियों के साथ करीब 25 कोच भी पहुंचे हैं, जो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं। तैराकी संघ के सचिव शिवकरण सिंह ने बताया कि अयोध्या में पहली बार राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन होना गौरव की बात है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। प्रतियोगिता का समापन 16 अगस्त को होगा। खिलाड़ियों ने अयोध्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पर खुशी जताई।