अयोध्या। एआईबीईए से संबद्ध यू.पी. बैंक इम्प्लाइज यूनियन, अयोध्या इकाई के बैनर तले गुरुवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया। कर्मचारियों ने बैंकों के निजीकरण पर रोक, पर्याप्त भर्तियां सुनिश्चित करने, आउटसोर्सिंग बंद करने, ग्राहकों के सेवा शुल्क कम करने, प्रतिगामी श्रम संहिताओं को रद्द करने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग उठाई। यूनियन के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों को जन एवं कर्मचारी विरोधी बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के सचिव के.के. रस्तोगी ने कहा कि कोरोना काल में विभिन्न श्रम कानूनों को मिलाकर चार श्रम संहिताएं लागू की गईं, जिससे ट्रेड यूनियनों के अधिकार और कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि बैंक कर्मचारियों के साथ एलआईसी, आयकर और डाक विभाग के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे। चेतावनी दी गई कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।