बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर परेई गांव में सोमवार सुबह 26 वर्षीय युवक पाटन दीन निषाद का शव घर से कुछ दूरी पर एक बाग में पेड़ से लोहे के तार के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह, कोतवाल देवेंद्र पांडेय व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। मृतक की बहन सुरसता ने आरोप लगाया कि रविवार रात पड़ोसियों से उसके भाई का विवाद और मारपीट हुई थी। रात में वह घर से गायब हो गया और सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार युवक जिस चारपाई पर सो रहा था, वह भी टूटी मिली। कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।