उत्तर प्रदेश होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति पर संगोष्ठी का आयोजन एक स्थानीय होटल में किया गया। कार्यक्रम में उप निदेशक पर्यटन बृजपाल सिंह ने बताया कि अयोध्या में वर्तमान में संचालित सभी होम स्टे की सेवाएं काफी अच्छी हैं। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि जो लोग अभी तक पंजीकरण से वंचित हैं, वे शीघ्र ही अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। उन्होंने बताया कि जिले में पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पर्यटन थाना खोला जा रहा है, जहां रामनगरी आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक अपनी समस्याएं सीधे रख सकेंगे। नीति के तहत शहरी क्षेत्र के होम स्टे का पंजीयन शुल्क गोल्ड कैटेगरी में 3000 रुपये और सिल्वर कैटेगरी में 2000 रुपये रखा गया है। बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों के लिए भी यही शुल्क लागू होगा। ग्रामीण क्षेत्र में रूरल होम स्टे का पंजीयन मात्र 100 रुपये में होगा। अयोध्या को 1200 इकाईयों का लक्ष्य प्रदान किया गया है। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त व महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि इस नीति से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। रोजगार के नए अवसर बनेंगे और पर्यटकों को स्तरीय व किफायती सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस होमस्टे में घरेलू बिजली ही उपयोग की जाएगी। इसके अलावा कोई भी टैक्स नहीं लिया जाएगा।