रामघाट से खालेका पुरवा जाने वाला मार्ग हल्की सी बारिश में ही जगह-जगह जलभराव की चपेट में आ गया। सड़क पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग अंदरूनी रास्ते से सीधे अयोध्या धाम बस अड्डे तक जाता है और भीड़भाड़ के दिनों में राम मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बन जाता है। बदहाल सड़क और जलभराव के चलते स्थानीय निवासी, श्रद्धालु और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की गई। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को स्मार्ट सिटी और उत्तर प्रदेश को गड्ढा मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं इस सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और स्थाई जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भविष्य में इस सड़क का 40 फीट चौड़ीकरण भी होना सुनिश्चित है