रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान गबन मामले की जांच के लिए रविवार को विवेचना टीम जिला कारागार पहुंची। विवेचक आशुतोष तिवारी एंटी करप्शन कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद जिला कारागार पहुंचे। जेल में बंद पांच आरोपियों से पूछताछ शुरू की। विवेचक ने आरोपियों से पूछताछ की अनुमति के लिए शनिवार को न्यायालय में आवेदन किया था। इसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद वह जिला जेल पहुंचे। पूछताछ के दौरान दान की रकम के गबन, धन के लेन-देन, रकम के बंटवारे और अन्य संदिग्ध पहलुओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच टीम आरोपियों के बयानों का मिलान अब तक एकत्र साक्ष्यों और दस्तावेजों से भी कर रही है। इस पूछताछ से मामले में कुछ नए और महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।