गुजरात के वड़ोदरा में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल मेन्स कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत टीम सर्विसेज को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी का माहौल है। अयोध्या पहुंचने पर उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह का सहादतगंज स्थित आवास पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। विकास सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 29 राज्यों के साथ रेलवे और सर्विसेज समेत कुल 31 टीमों ने भाग लिया था। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में यूपी टीम का कांस्य पदक जीतना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन, पुलिस, रेलवे, आयकर, बीपीसीएल और प्रो कबड्डी लीग में अवसर मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने बताया कि यूपी टीम ने पिछले एक वर्ष में राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, सीनियर नेशनल में कांस्य और जूनियर नेशनल में रजत पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कप्तान अर्जुन देशवाल समेत सभी खिलाड़ियों, कोच-मैनेजर और पदाधिकारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी गई।