अयोध्या में बृहस्पतिवार को प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने क्रय केंद्रों पर गेंहू खरीद को लेकर विभागीय बैठक की। बैठक के बाद मंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के ईडी पर सवाल उठाने पर कहा कि मैं उनके बारे में ज्यादा नहीं कहना चाहता हूं। हर संस्थाओं का अपना-अपना महत्व है। संविधान के अनुरूप सभी संस्थाएं अपना काम कर रही हैं लेकिन जिस तरह से लगातार समाजवादी पार्टी की ओर से इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, इसी के चलते पूरी तरह से जनता इनको खारिज चुकी है। ये उनकी छटपटाहट है। अभी जो उपचुनाव संपन्न हुए हैं, उसके अलावा हरियाणा और महाराष्ट्र में भी भाजपा को बढ़त मिली है। इस नाते उनके ऐसे बयान देखने को मिल रहे हैं। विभागीय बैठक के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में 80 हजार राशन विक्रेताओं के माध्यम से 15 करोड लोगों को निशुल्क राशन मुहैया कराने का काम हो रहा है। इसके साथ एक करोड़ 80 लाख उज्जवला धारकों को होली और दिवाली पर निशुल्क रिफिल देने का काम किया गया है। आज गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान अयोध्या मंडल में 400 क्रय केंद्रों के माध्यम से गेहूं खरीद का काम किया जा रहा है। गेहूं की एमएसपी को 150 रुपए प्रति कुंतल बढ़ाया गया है। पूर्व में 2275 रुपए प्रति कुंतल दाम था। आज 2425 रुपये प्रति कुंतल खरीदा जा रहा है। घटतौली के सवाल पर सतीश शर्मा ने कहा कि जहां पर शिकायत आ रही है, वहां पर किसी को बख्शने का काम नहीं हो रहा है। प्रभावी कार्रवाई होती है और आवश्यकता पड़ती है तो उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज होते हैं।