रामनगरी अयोध्या में दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने की। इस दौरान उन्होंने बिजली, पानी, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। डीएम ने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि नवरात्र के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पंडालों और विसर्जन मार्गों पर ढीले तारों की मरम्मत कराई जाए। नगर पालिका और नगर पंचायतों को साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए गए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों से स्थानीय स्तर पर तैयारियों और शांति समिति की बैठकों की जानकारी भी ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने त्यौहार के दौरान चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था का आश्वासन दिया और लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि देवी प्रतिमाओं की ऊंचाई और डीजे की ध्वनि निर्धारित सीमा से अधिक न हो तथा शांति व सौहार्द के साथ विसर्जन किया जाए। पुलिस बल, सोशल मीडिया टीम और सुरक्षा संसाधन पूरी तरह से सक्रिय रहेंगे। बैठक में दुर्गा पूजा समिति, रामलीला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।