फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में बनेगा हाईटेक कैंसर अस्पताल, हनुमानजी की डिजिटल गैलरी भी बनेगी

यूपी के अयोध्या में राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने रामनगरी के समग्र विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर निर्माण के साथ अब अयोध्या में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीराम अस्पताल का बड़े स्तर पर अपग्रेडेशन किया जाएगा। ताकि, स्थानीय नागरिकों और दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके अलावा अयोध्या में 300 बेड के नए सरकारी अस्पताल के निर्माण की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया और निर्माण एजेंसी का चयन किया जा चुका है, जबकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की अंतिम स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निजी क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की तैयारी है। मोदी कैंसर केयर ट्रस्ट की ओर से आठ एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जो हब-स्पोक मॉडल पर आधारित होगा। इस ट्रस्ट में अयोध्या के राज परिवार का एक सदस्य हमेशा ट्रस्टी रहेगा। योजना के अनुसार, दो वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर ओपीडी और जांच सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही रामकथा संग्रहालय में आईआईटी मद्रास के सहयोग से हनुमान जी की डिजिटल गैलरी बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को तकनीक के माध्यम से एक नया अनुभव मिलेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें