रामनगरी अयोध्या में गुरुवार की शाम एक घर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के साथ पूरा घर उड़ गया। मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घटना नगर पंचायत भदरसा भरतकुंड के महाराणा प्रताप वार्ड के पगलाभारी गांव की है। यहां के निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के घर में शाम करीब 7.30 बजे एक तेज धमाका हुआ। धमाके साथ पूरा घर फिल्मी स्टाइल में उड़ गया। घर की दीवारें ताश के पत्तों की तरह ढहीं। धमाके से पूरा इलाका हिल गया। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने घटना में पांच मौतें होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से मलबा हटा लिया गया है। कोई घायल नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। कोई विस्फोटक भी नहीं पाया गया है। प्रथम दृष्टया कुकर या सिलिंडर ब्लास्ट होने की आशंका है। फिर भी फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में दावे से कुछ कहा जा सकता है।