अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम की जन्मभूमि को होली तक एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में सरयू नदी में फ्लोटिंग पब्लिक बाथ कुंड का निर्माण तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत अयोध्या विकास प्राधिकरण इस आधुनिक परियोजना को आकार दे रहा है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने बताया कि फरवरी तक निर्माण कार्य पूरा होने और होली तक इसके संचालन की संभावना है। करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट में 25×15 मीटर के आधुनिक फ्लोटिंग स्ट्रक्चर पर स्नान कुंड विकसित किया जा रहा है। इसमें पांटून और उच्च गुणवत्ता वाले फाइबर मटीरियल का उपयोग किया गया है, जिससे यह नदी के जलस्तर में बदलाव के अनुसार स्वतः संतुलित रहेगा। परिसर में दो अलग-अलग स्नान कुंड बनाए जा रहे हैं, एक पुरुषों और दूसरा महिलाओं के लिए है। साथ ही दस चेंजिंग रूम, सेफ्टी बैरियर, रेलिंग, सोलर लाइट, बेंच और इमरजेंसी सपोर्ट बोट की सुविधा भी होगी। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सात दुकानें भी स्थापित की जाएंगी।यह फ्लोटिंग बाथ कुंड न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक स्नान सुविधा देगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए अयोध्या को और आकर्षक बनाएगा।