अयोध्या में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत मृतक आश्रितों को मुआवजा चेक वितरित किए गए। सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने आश्रितों को चेक सौंपकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर तहसीलदार, पार्षद सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कुल 25 मृतक आश्रितों को चेक के माध्यम से मुआवजा राशि प्रदान की गई। सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और उनके परिवारों के साथ हर सुख-दुख में खड़ी है। किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र आश्रितों को समय पर लाभ मिले, इसमें किसी प्रकार की देरी न हो। जिले में कुल 189 मृतक आश्रितों को मुआवजा दिया गया है। इनमें से 25 आश्रितों को अयोध्या में चेक वितरित किए गए, जबकि शेष बचे आश्रितों को लखनऊ में चेक प्रदान किया गया। चेक पाकर आश्रितों ने सरकार के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने बताया कि पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।