जुमा की नमाज में मुल्क और कौम की सलामती की दुआ की गई। हजारों हाथ दुआ के लिए उठे। रमजान के पहले शुक्रवार पर जुमा की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से ही तैयारी में जुट गए थे। नमाज का समय होने से पहले ही अपने आस पास की मस्जिदों में पहुंचे और नमाज पढ़ने के लिए लाइन में लग गए। नमाज शुरू होने से पहले मस्जिदों में इमाम ने खुतवा के दौरान कहा कि रमजान बरकत और इबादत का महीना है। इस पाक महीने में हमको अच्छे कार्य करने चाहिए और नमाज का पाबंद होना चाहिए। नगर और ग्रामीण अंचलों की मस्जिदों में जुमा की नमाज अदा करने के बाद मुल्क में अमन शांति और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।