बाढ़ का पानी कम हो रहा दुश्वारियां बरकरार गजरौला। बिजनौर बैराज से गंगा में 44262 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने के बावजूद जल स्तर दस सेंटीमीटर घटकर 199.60 मीटर पर पहुंंच गया। जल स्तर कम होने पर भी दुश्वारियां बरकरार हैं। बुधवार को तिगरी में गंगा का जल स्तर 199.60 मीटर दर्ज किया गया। जो बीते मंगलवार की तुलना में दस सेंटीमीटर कम है। बिजनौर बैराज से गंगा में 44262 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने के बावजूद जल स्तर कम हुआ है। मगर टापू में बसे गांवों के लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं। जहां टापू में बसे चार गांवों के लोग नाव और ट्यूब पर निर्भर हैं, वहीं दारानगर गांव के लोगों के लिए परेशानी का सबब खेतों को जाने वाले मुुख्य मार्ग पर बाढ़ का पानी बना है। तिगरी के लोग भी नाव से ही चारा आदि लाने को मजबूर हैं। जेई सुभाष चंद गहलौत का कहना है कि बिजनौर बैराज से पानी छोड़ा जाने के बावजूद तिगरी में गंगा का जल स्तर कम हुआ है।