गजरौला में मालगाड़ी की चपेट में आकर डेयरी कर्मी की मौत हो गई। सूचना पर आरपीएफ व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ ने चीथड़ों को रेलवे लाइन से हटवाया। इस बीच सात मिनट तक काठगोदाम एक्सप्रेेस ट्रेन खड़ी रही। जवाहर नगर मोहल्ला निवासी मुनीष उर्फ बंटी चौबारा के निकट एक डेयरी प्लांट में काम करते थे। परिजनों ने पुलिस व आरपीएफ को बताया कि वह मंगलवार दोपहर दो बजे से उनकी शिफ्ट थी। वह डेयरी के लिए कहकर निकले थे। करीब एक बजे भानपुर रेलवे फाटक पर पहुंचे। यहां फाटक बंद होने के बावजूद पार हो रहे थे। इस बीच मालगाड़ी मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जा रही थी। वह उसकी चपेट में आ गए। और उनके चीथड़े उड़ गए। सूचना पाकर आरपीएफ और थाना पुलिसकर्मी पहुंच गए। शव के चीथड़ों को लाइन से हटवाया गया। इस दौरान काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई, लेकिन ट्रैक साफ नहीं होने के कारण वह करीब सात मिनट तक खड़ी रही। थाना पुलिस नेे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।