मध्य गंगा नहर के लिए अधिग्रहित हुई जमीन के चार गुना मुआवजे को लेकर महिलाओं का आंदोलन तेज हो गया है। दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठीं महिलाओं ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन धरनास्थल पर ही माता की चौकी तैयार कर पूजा अर्चना शुरू कर दी है। अगले आठ दिनों तक वह पूजा अर्चना के साथ प्रशासन के खिलाफ आवाज को बुलंद करेंगी। यही नहीं उनका कहना है कि प्रशासन के जागने तक अब उनके कदम पीछे नहीं हटेंगे। साल 2011 में रामपुर घना, कूबी और मोहनपुर के किसानों की जमीन मध्य गंगा नहर के लिए अधिग्रहित की गई थी। प्रशासन ने उस समय किसानों को उसका मुआवजा नहीं दिया। अब सिंचाई विभाग नहर की खोदाई शुरू कराने की योजना बना रहा था, तो किसानों ने वर्तमान सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इसी मांग को लेकर फरवरी माह से किसान वहां धरना दे रहे हैं।