अमेठी सिटी। क्षेत्र में शीतलहर और बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। घने कोहरे और गलन ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों के बावजूद अलाव का सहारा लेते नजर आए, वहीं सड़कों पर वाहनों की गति काफी धीमी रही। सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता बेहद कम रहने से वाहन चालक हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते दिखे। हवा चलने के बावजूद कोहरा और धुंध बनी रही, जिससे गलन और बढ़ गई। बीते पांच दिनों से चल रही ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर तेज हो गया है। आसमान में बादलों और कोहरे के बीच सूर्य देव की लुकाछिपी जारी रही। ठंड के कारण घरों से बाहर निकलने वाले लोग और राहगीर ठिठुरते दिखाई दिए। ग्रामीण अंचल के सार्वजनिक स्थानों पर अब तक अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। सर्दी से बचाव के लिए लोग घास-फूस जलाकर काम चला रहे हैं। नगर क्षेत्र में भी कुछ चुनिंदा स्थानों को छोड़ दें तो अधिकांश जगहों पर अलाव की व्यवस्था नजर नहीं आई। बाजारों में दुकानदार और ग्राहक अलाव जलाकर ठंड से राहत लेते दिखे। भीषण ठंड से पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. नवनीत मिश्र ने बताया कि कोहरा और पाले का असर आलू, सब्जियों के साथ फूल वाली तिलहनी और दलहनी फसलों पर पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि पाले से बचाव के लिए खेत की मेड़ों पर धुआं करें, नमी बनाए रखें और आवश्यकतानुसार दवाओं का छिड़काव करें।